• Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers

मंगल का मीन राशि में गोचर

मंगल का मीन राशि में गोचर : सभी राशियों पर प्रभाव, फल और प्रभावशाली उपाय

वैदिक ज्योतिष में मंगल ग्रह को शक्ति, साहस, पराक्रम और परिवर्तन का प्रतीक माना गया है। मंगल अग्नि तत्व का प्रतिनिधि ग्रह है, इसलिए इसे अंगारक कहा जाता है, जिसका अर्थ है अंगारे के समान लाल और तीव्र ऊर्जा वाला ग्रह। इसे भौम अर्थात पृथ्वी पुत्र भी कहा जाता है, क्योंकि इसका संबंध भूमि, निर्माण और स्थायित्व से जुड़ा हुआ है। शास्त्रों में मंगल को युद्ध का देवता माना गया है, जो व्यक्ति के भीतर छिपी हुई संघर्ष शक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आक्रामकता, क्रोध और वीरता को जागृत करता है।

मंगल का मीन राशि में गोचर: जानें 12 राशियों पर प्रभाव

दुनियाभर के विद्वान ज्योतिषियों से करें कॉल/चैट पर बात और जानें अपने संतान के भविष्य से जुड़ी हर जानकारी

मंगल का मीन राशि में गोचर : तिथि और समय

मंगल महाराज 02 अप्रैल 2026 की दोपहर 15:27 बजे शनिदेव के प्रभाव वाली कुम्भ राशि से निकल कर अपने मित्र बृहस्पति के आधिपत्य वाली मीन राशि में गोचर करने जा रहे हैं। ये यहाँ पर 11 मई 2026 की दोपहर 12:50 बजे तक विराजमान रहेंगे।

Read Here In English: Mars Transit In Pisces

यह राशिफल आपकी चंद्र राशि पर आधारित है। अपनी व्यक्तिगत चन्द्र राशि अभी जानने के लिए चंद्र राशि कैलकुलेटर का उपयोग करें

वैदिक ज्योतिष में मंगल ग्रह का महत्व

ज्योतिष शास्त्र में मंगल ग्रह को जीवन की वह शक्ति माना गया है, जो व्यक्ति के भीतर साहस, ऊर्जा और कर्म करने की प्रेरणा पैदा करती है। मंगल केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि वह अग्नि है जो इंसान को आगे बढ़ने, जोखिम उठाने और परिस्थितियों से टकराने की क्षमता देती है। कुंडली में मंगल की स्थिति यह तय करती है कि व्यक्ति जीवन की चुनौतियों का सामना किस हद तक आत्मविश्वास और धैर्य के साथ कर पाएगा। जिन जातकों की जन्मकुंडली में मंगल मजबूत होता है, वे कठिन हालात में भी घबराते नहीं हैं, जल्दी हार नहीं मानते और लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरे जोश और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हैं। ऐसे लोग स्वभाव से कर्मठ, निडर और नेतृत्व करने वाले होते हैं, जिनमें निर्णय लेने की क्षमता स्पष्ट और तेज होती है।

मंगल ग्रह का सीधा संबंध हमारे कर्मक्षेत्र से होता है, यानी हम अपने जीवन में क्या काम करते हैं, कैसे करते हैं और कितनी मेहनत व लगन से करते हैं। यही कारण है कि मंगल को पराक्रम और पुरुषार्थ का ग्रह कहा जाता है। इसके साथ-साथ मंगल को भूमि, भवन, संपत्ति, वाहन और रियल एस्टेट का प्रमुख कारक भी माना गया है। जब कुंडली में मंगल शुभ और सशक्त अवस्था में होता है, तो व्यक्ति को जीवन में स्थिरता मिलती है। ऐसे जातकों के लिए अपना घर बनाने, जमीन या प्रॉपर्टी खरीदने और वाहन सुख प्राप्त करने के योग प्रबल होते हैं। आर्थिक स्थिति धीरे-धीरे मजबूत होती जाती है और व्यक्ति अपने प्रयासों से स्थायी संपत्ति अर्जित कर पाता है।

इसके विपरीत यदि मंगल कमजोर हो या अशुभ स्थिति में स्थित हो, तो जीवन में संघर्ष और अस्थिरता बढ़ सकती है। भूमि या संपत्ति से जुड़े विवाद, बार-बार रुकावटें, वाहन दुर्घटनाओं का भय, अचानक क्रोध आना, झगड़े और मानसिक अशांति जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। कमजोर मंगल व्यक्ति को जल्द गुस्सा करने वाला, अधीर और आवेग में निर्णय लेने वाला बना सकता है, जिससे बने-बनाए काम भी बिगड़ सकते हैं। ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि मंगल की ऊर्जा को सही दिशा में संतुलित किया जाए, ताकि उसका नकारात्मक प्रभाव कम हो सके।

विवाह और दांपत्य जीवन के संदर्भ में भी मंगल ग्रह की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी गई है। इसी कारण विवाह से पहले कुंडली में मंगल दोष की जांच की जाती है। यदि जन्मकुंडली में मंगल अशुभ भावों में स्थित हो या दोषकारक बन रहा हो, तो विवाह में देरी, जीवनसाथी से विचारों का टकराव, अनावश्यक बहस, क्रोध और रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है। कई बार यह दोष दांपत्य जीवन में अलगाव जैसी परिस्थितियां भी उत्पन्न कर देता है। हालांकि यह समझना जरूरी है कि मंगल दोष कोई स्थायी अभिशाप नहीं है। सही गुण-मिलान, अनुकूल दशा और अनुभवी ज्योतिषी द्वारा बताए गए उपायों से इस दोष के प्रभाव को काफी हद तक शांत और संतुलित किया जा सकता है।

मंगल को मजबूत और शुभ बनाने के लिए जीवन में अनुशासन, संयम और सकारात्मक कर्मों का विशेष महत्व होता है। मंगलवार के दिन हनुमान जी की श्रद्धा पूर्वक आराधना करना, हनुमान चालीसा या बजरंग बाण का पाठ करना मंगल की उग्र ऊर्जा को नियंत्रित करता है और साहस के साथ-साथ धैर्य भी प्रदान करता है। जरूरतमंदों को लाल वस्त्र, मसूर की दाल या गुड़ का दान करने से मंगल की नकारात्मकता कम होती है। इसके साथ ही नियमित रूप से व्यायाम करना, अपने क्रोध पर नियंत्रण रखना और निर्णय सोच-समझकर लेना भी मंगल को संतुलित करने के प्रभावशाली उपाय माने जाते हैं। जब मंगल की ऊर्जा सही दिशा में प्रवाहित होने लगती है, तो व्यक्ति न केवल बाहरी संघर्षों पर विजय पाता है, बल्कि अपने भीतर की कमजोरियों पर भी नियंत्रण हासिल कर लेता है, जिससे जीवन अधिक स्थिर, सफल और संतुलित बनता है।

मंगल का प्रभाव जहां एक ओर व्यक्ति को निर्भीक, साहसी और ऊर्जावान बनाता है, वहीं इसकी अशुभ स्थिति रक्त विकार, मांसपेशियों में दर्द, हड्डियों की कमजोरी, दुर्घटनाएं, क्रोध, अधैर्य और आवेग में लिए गए गलत निर्णयों का कारण भी बन सकती है। मंगल मूल रूप से सृजन और परिवर्तन की शक्ति है, जो जीवन में बड़े बदलाव लाने की क्षमता रखती है। यही कारण है कि मंगल का गोचर जीवन के हर क्षेत्र—स्वास्थ्य, करियर, संबंध और मानसिक स्थिति—पर गहरा प्रभाव डालता है।

जब मंगल मीन राशि में प्रवेश करता है, तो उसकी उग्र अग्नि ऊर्जा भावनात्मक और जल तत्व प्रधान मीन राशि के साथ मिल जाती है। यह संयोग कहीं भावनाओं में उथल-पुथल पैदा करता है, तो कहीं आध्यात्मिकता और अंतर्मंथन को बढ़ाता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि मंगल का मीन राशि में गोचर सभी 12 राशियों पर किस प्रकार प्रभाव डालेगा और किन उपायों से इसके नकारात्मक प्रभाव को शांत किया जा सकता है।

मेष राशि

मेष राशि के जातकों के लिए मंगल का मीन में गोचर अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण रह सकता है। इस अवधि में स्वास्थ्य को लेकर सावधानी आवश्यक होगी, विशेष रूप से रक्त से जुड़ी समस्याओं या थकान की शिकायत हो सकती है। मानसिक तनाव बढ़ने की संभावना है, इसलिए धैर्य और संयम के साथ परिस्थितियों का सामना करना आपके लिए लाभकारी रहेगा। कुछ जातकों को कानूनी मामलों में उलझना पड़ सकता है, लेकिन अंततः परिणाम आपके पक्ष में आने के योग बनते हैं। निजी और व्यावसायिक कारणों से ऐसी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं, जिनकी आपने योजना नहीं बनाई होगी। हालांकि विदेशों से जुड़े संपर्क भविष्य में लाभ दिला सकते हैं। गोचर के अंतिम चरण में भाई को उन्नति मिलने से मन प्रसन्न रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन श्रद्धा के साथ हनुमान जी का स्मरण करें, हनुमान चालीसा का पाठ करें और मंगलवार को लाल रंग की वस्तुओं का दान करें। इससे मानसिक शक्ति और आत्मसंयम बढ़ेगा।

मेष राशिफल 2026

वृषभ राशि

वृषभ राशि के लिए मंगल का मीन राशि में गोचर मिले-जुले परिणाम लेकर आता है। आर्थिक स्थिति में सुधार और आय के नए स्रोत बनने की संभावना है, विशेष रूप से विदेशों से जुड़े कार्यों में लाभ हो सकता है। कोई बड़ा आर्थिक अवसर भी हाथ लग सकता है, लेकिन इस समय धन संचय पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। जीवनसाथी या व्यावसायिक साझेदार के सहयोग से लाभ के योग बनते हैं। दूसरी ओर संतान पक्ष की सेहत चिंता का कारण बन सकती है। बच्चों के व्यवहार में चिड़चिड़ापन और अस्थिरता देखने को मिल सकती है, जिससे घर का वातावरण प्रभावित हो सकता है। ऐसे समय में बच्चों को समय देना और उनकी बातों को समझना अत्यंत आवश्यक होगा।

उपाय: मंगलवार को रक्तदान करें या किसी जरूरतमंद की सहायता करें। इससे मंगल की उग्रता शांत होगी और संतान पक्ष से जुड़े कष्ट कम होंगे।

वृषभ राशिफल 2026

करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए यह गोचर करियर और व्यवसाय के क्षेत्र में उन्नति लेकर आता है। नौकरीपेशा लोगों को पद, अधिकार और प्रतिष्ठा में वृद्धि मिल सकती है। कार्यस्थल पर आपका अनुशासित और प्रभावशाली व्यक्तित्व सभी को प्रभावित करेगा और आपकी मेहनत की सराहना होगी। हालांकि पारिवारिक जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव संभव हैं। क्रोध और जल्दबाजी से रिश्तों में दूरी आ सकती है, इसलिए निजी और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। बच्चों की सेहत पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।

उपाय: मंगल के शुभ प्रभाव को बनाए रखने के लिए गाय को हरी घास खिलाना और मंगलवार को गुड़ व दाल का दान करना विशेष फलदायी सिद्ध होगा।

मिथुन राशिफल 2026

कर्क राशि

कर्क राशि के जातकों के लिए मंगल का मीन में गोचर अत्यंत शुभ माना जा सकता है। इस समय भाग्य आपका पूरा साथ देगा और रुके हुए कार्य गति पकड़ेंगे। उच्च शिक्षा और विदेश जाने की इच्छा रखने वाले छात्रों को सफलता मिल सकती है। लंबी दूरी की यात्राएं लाभकारी रहेंगी। हालांकि खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। माता के स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी चिंता रह सकती है, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखें। संतान पक्ष से सुखद समाचार मिलेंगे और वे अपने क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। भाई-बहनों के साथ मतभेद हो सकते हैं, लेकिन समझदारी से हालात संभाले जा सकते हैं।

उपाय: हनुमान जी की नियमित पूजा करने से मंगल का शुभ प्रभाव और अधिक बढ़ेगा।

कर्क राशिफल 2026

सिंह राशि

सिंह राशि के जातकों को मंगल के इस गोचर से अचानक धन लाभ के योग प्राप्त हो सकते हैं, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बेहद जरूरी होगी। स्वयं और पिता के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें, खासकर रक्त से जुड़ी समस्याओं की संभावना बन रही है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें, क्योंकि चोट या दुर्घटना के संकेत मिलते हैं। ससुराल पक्ष से मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं, लेकिन संयम से काम लेने पर स्थिति संभल जाएगी।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देव को जल अर्पित करें और रविवार को आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें इससे आत्मबल बढ़ेगा और स्वास्थ्य में लाभ मिलेगा।

सिंह राशिफल 2026

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए मंगल का मीन में गोचर थोड़ी बेचैनी और मानसिक तनाव बढ़ा सकता है। इस दौरान क्रोध और उत्तेजना बढ़ने से वैवाहिक जीवन प्रभावित हो सकता है। जीवनसाथी की सेहत का विशेष ध्यान रखें और संवाद में स्पष्टता बनाए रखें। करियर और प्रोफेशनल जीवन में उन्नति के योग बनते हैं और नौकरीपेशा लोगों की आय बढ़ सकती है। भाई-बहिनों के लिए यह समय लाभकारी रहेगा।

उपाय: शुक्रवार के दिन श्रद्धा के साथ मां लक्ष्मी को लाल फूल अर्पित करने से मानसिक शांति और पारिवारिक संतुलन बना रहेगा।

कन्या राशिफल 2026

ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से मुफ्त जन्म कुंडली प्राप्त करे।

तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए मंगल का यह गोचर आर्थिक रूप से सावधानी का संकेत देता है। खर्च और नुकसान की स्थिति बन सकती है, लेकिन कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर आप अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल रहेंगे। अनचाही यात्राएं मन को निराश कर सकती हैं और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी आवश्यक होगी। जीवनसाथी की सेहत चिंता का कारण बन सकती है और बिजनेस पार्टनर के साथ मतभेद संभव हैं। हालांकि आप विरोधियों पर विजय प्राप्त करेंगे।

उपाय: शुक्रवार को कन्याओं को मिठाई या मीठा भोजन कराना मंगल के नकारात्मक प्रभाव को कम करने में सहायक होगा।

तुला राशिफल 2026

वृश्चिक राशि

मंगल आपकी राशि का स्वामी होकर इस समय गोचर के दौरान आपके पंचम भाव में प्रवेश कर रहा है, इसलिए इसका प्रभाव आपके जीवन के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर साफ़ दिखाई देगा। पंचम भाव बुद्धि, रचनात्मकता, शिक्षा, प्रेम और संतान से जुड़ा होता है, ऐसे में मंगल की ऊर्जा यहां आपको मिले-जुले परिणाम देने वाली रहेगी। एक ओर जहां आपके भीतर नए विचारों की भरमार होगी, वहीं दूसरी ओर उन विचारों को अमल में लाने का साहस और आत्मविश्वास भी आपको मिलेगा। पेशेवर जीवन में यह गोचर आपके लिए अनुकूल सिद्ध हो सकता है, क्योंकि आपके सोचने की क्षमता तेज़ होगी और आपको अपने विचारों को सही मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी प्राप्त होगा। आपको ऐसा लग सकता है कि आप ही सबसे बेहतर जानते हैं, जिसके कारण आप अपनी समस्याओं का समाधान नए और रचनात्मक तरीके से खोजने से चूक सकते हैं। ऐसे में यदि आप थोड़ा लचीलापन अपनाएं और अनुभवी लोगों की राय को महत्व दें, तो परिणाम और भी बेहतर हो सकते हैं। छात्रों के लिए यह गोचर खासा लाभकारी रहेगा। आपकी एकाग्रता में जबरदस्त सुधार होगा और आप किसी भी विषय को पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से समझ पाएंगे। इसका सीधा असर आपके प्रदर्शन और परिणामों पर पड़ेगा, जिससे आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और भविष्य को लेकर आपका दृष्टिकोण सकारात्मक बनेगा। आप अपने प्रियजन या जीवनसाथी को लेकर बेहद सुरक्षात्मक महसूस करेंगे। हालांकि यह भावना प्रेम से उपजी होगी, लेकिन इसके साथ-साथ आपका रवैया कुछ हद तक अधिकार जताने वाला भी हो सकता है।

आप अपने साथी से लगातार ध्यान और भावनात्मक समर्थन की अपेक्षा रखेंगे, जो उनके लिए उलझन और असहजता का कारण बन सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप इस सोच को छोड़ें कि आपका साथी हर समय केवल आप पर ही ध्यान केंद्रित करे। रिश्ते में संतुलन, समझ और स्वतंत्रता भी उतनी ही जरूरी होती है जितनी कि निकटता। इस दौरान बच्चों के साथ विचारों का टकराव या मतभेद संभव है, खासकर तब जब आप अपनी बात उन पर थोपने की कोशिश करेंगे। यदि आप उनके नजरिए को भी ध्यान से सुनें और समझने का प्रयास करें, तो रिश्तों में आई दूरी धीरे-धीरे समाप्त हो सकती है। कुल मिलाकर यह गोचर आपको आत्ममंथन, संतुलन और समझदारी के साथ आगे बढ़ने की सीख देगा, जिससे आप इसके सकारात्मक प्रभावों का पूरा लाभ उठा सकें।

उपाय: घर के बाहर या मंदिर के पास अनार का वृक्ष लगाना मंगल की शुभता को बढ़ाने वाला उपाय माना गया है।

वृश्चिक राशिफल 2026

बृहत् कुंडली : जानें ग्रहों का आपके जीवन पर प्रभाव और उपाय

धनु राशि

धनु राशि के जातकों के लिए मंगल का यह गोचर जीवन के कई अहम पहलुओं को एक साथ प्रभावित करने वाला रहेगा, क्योंकि इस दौरान मंगल आपके चतुर्थ भाव में प्रवेश कर रहा है। यदि आप लंबे समय से किसी प्रॉपर्टी को बेचने या नई जमीन, मकान या वाहन खरीदने की योजना बना रहे थे, तो यह गोचर आपके लिए अनुकूल सिद्ध हो सकता है। रियल एस्टेट से जुड़े फैसले इस समय सफल हो सकते हैं और पुराने अटके हुए सौदे भी आगे बढ़ सकते हैं। विशेष रूप से यदि आप मार्केटिंग, सेल्स या ऐसे व्यवसाय से जुड़े हैं, जहां आय कमीशन के आधार पर होती है, तो इस अवधि में आपको नए मौके मिल सकते हैं। आपकी सक्रियता और प्रयास आपको लाभ दिला सकते हैं, बशर्ते आप सही समय पर सही निर्णय लें।

आपकी माता के स्वास्थ्य में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, जो आपको मानसिक रूप से चिंतित कर सकता है। घर के माहौल में भी कभी-कभी बेचैनी या तनाव की स्थिति बन सकती है, जिसका असर आपके मन और काम पर पड़ेगा। इसी कारण पेशेवर जीवन में आपका ध्यान कुछ हद तक भटक सकता है और आप खुद को पूरी तरह एकाग्र महसूस नहीं करेंगे। दांपत्य जीवन में भावनात्मक दूरी महसूस हो सकती है। कभी-कभी आप खुद को भावनाओं से कटे हुए या जरूरत से ज्यादा व्यावहारिक बना सकते हैं, जिससे आपके जीवनसाथी को यह लग सकता है कि आप रिश्ते को लेकर गंभीर नहीं हैं। ऐसे में संवाद और समझदारी बेहद जरूरी होगी। व्यवसायिक जीवन में भी इसका प्रभाव दिख सकता है, खासकर यदि आप साझेदारी में कोई काम करते हैं। छोटे-छोटे मतभेद बड़े विवाद का रूप न लें, इसके लिए धैर्य और लचीलापन बनाए रखना आवश्यक होगा।

उपाय: रोजाना गाय को गेहूं खिलाने से पारिवारिक शांति और मंगल दोष में कमी आएगी।

धनु राशिफल 2026

कालसर्प दोष रिपोर्ट – काल सर्प योग कैलकुलेटर

मकर राशि

मंगल का यह गोचर आपके जीवन में साहस, उत्साह और पराक्रम की नई ऊर्जा भरने वाला साबित होगा। क्योंकि इस समय मंगल आपके तृतीय भाव में भ्रमण कर रहा है, जो कि साहस, आत्मबल, प्रयास, संवाद और जोखिम लेने की क्षमता का प्रतीक माना जाता है। इस गोचर के प्रभाव से आपके भीतर छिपी हुई वीरता और आत्मविश्वास जागृत होगा और आप उन चुनौतियों का डटकर सामना करने में सक्षम होंगे, जो पिछले कुछ समय से आपके मार्ग में बाधा बनकर खड़ी थीं। कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने की प्रवृत्ति विकसित होगी और आप हर समस्या को अवसर के रूप में देखने लगेंगे। आपके प्रयासों और परिश्रम के भाव में स्थित है। यह स्थिति आपको अत्यंत महत्वाकांक्षी बनाएगी और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए भरपूर ऊर्जा देगी। आप जिस काम को ठान लेंगे, उसे पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे। लंबे समय से अटके हुए कार्यों को शुरू करने का साहस भी इसी गोचर के दौरान आप जुटा पाएंगे। जोखिम लेने की आपकी क्षमता बढ़ेगी और आप नए प्रयोगों से पीछे नहीं हटेंगे, जिसका सीधा लाभ आपके करियर और व्यक्तिगत विकास में देखने को मिल सकता है।

यह गोचर आपको अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर प्रदान करेगा। आपकी मेहनत और हुनर लोगों की नजरों में आएंगे और आपको सराहना भी मिलेगी। इससे आपके रिश्ते में गर्मजोशी आएगी और आपके जीवनसाथी या प्रेमी को आपके व्यवहार से संतुष्टि और खुशी मिलेगी। कुल मिलाकर मकर राशि के जातकों के लिए मंगल का यह गोचर सकारात्मक, ऊर्जा से भरपूर और उन्नति प्रदान करने वाला रहेगा। बस इस दौरान हर निर्णय विवेक और संतुलन के साथ लें, ताकि यह समय आपके जीवन में स्थायी सफलता और मानसिक संतोष लेकर आए।

उपाय: नियमित रूप से शनि देव की आराधना करने से संतुलन और स्थिरता बनी रहेगी।

मकर राशिफल 2026

नए वर्ष की भविष्यवाणी प्राप्त करें वार्षिक कुंडली 2026 से

कुंभ राशि

मंगल कुंभ राशि के जातकों के लिए उपचय भाव का स्वामी माना जाता है। वर्तमान गोचर के दौरान मंगल आपके द्वितीय भाव में प्रवेश कर रहा है, जो परिवार, धन, वाणी और संस्कारों का भाव माना जाता है। इसके साथ ही यह तथ्य भी बेहद महत्वपूर्ण है कि मंगल आपकी कुंडली में करियर और कर्म क्षेत्र से जुड़े दशम भाव का भी स्वामी है। यह गोचर आपको प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के कई अवसर देगा। नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, नए प्रोजेक्ट्स हाथ में आ सकते हैं और ऐसी परिस्थितियां बनेंगी, जहां आपको कुछ नया सीखने और खुद को साबित करने का मौका मिलेगा। आपकी सबसे बड़ी ताकत आपका प्रगतिशील और भविष्य को ध्यान में रखने वाला दृष्टिकोण है, जो इस गोचर के दौरान और अधिक मजबूत होगा। यदि आप निरंतर प्रयास करते रहेंगे और पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे, तो सफलता आपके कदम चूम सकती है। मंगल का गोचर आपकी बोलचाल को कुछ हद तक कठोर और तीखा बना सकता है। संयमित और सोच-समझकर बोली गई बात न केवल आपको विवादों से बचाएगी, बल्कि आपके सम्मान और प्रतिष्ठा को भी बनाए रखेगी। मंगल की दृष्टि के कारण प्रेम संबंधों और भावनात्मक रिश्तों में भी कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। प्रेमी या जीवनसाथी के साथ विचारों का टकराव, अहं का संघर्ष या छोटी-छोटी बातों पर मतभेद संभव हैं। ऐसे समय में गुस्से के बजाय समझदारी और धैर्य से काम लेना बेहद जरूरी होगा। यदि आप संवाद को खुला और सकारात्मक बनाए रखते हैं, तो रिश्तों में आई दूरी को भी आसानी से कम किया जा सकता है।

उपाय: मां दुर्गा की आराधना करने से मानसिक शक्ति और धैर्य बढ़ेगा।

कुंभ राशिफल 2026

मीन राशि

मीन राशि के जातकों के लिए यह गोचर अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि मंगल आपकी ही राशि में प्रवेश कर रहा है। मंगल का गोचर मीन राशि के जातकों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि इस दौरान मंगल आपके लग्न भाव में प्रवेश कर रहा है। लग्न भाव व्यक्ति के स्वभाव, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मानसिक स्थिति को दर्शाता है, इसलिए मंगल की यह स्थिति आपके भीतर चल रही भावनात्मक हलचलों को और अधिक तीव्र कर सकती है। इस समय आप स्वयं को भीतर से कुछ कमजोर, संवेदनशील और अस्थिर महसूस कर सकते हैं। छोटी-छोटी बातों पर भी मन में बेचैनी या चिड़चिड़ापन आ सकता है और अनजाने में आपका व्यवहार आक्रामक हो सकता है। इसका प्रभाव न केवल आपके पारिवारिक जीवन पर पड़ेगा, बल्कि सामाजिक रिश्तों में भी गलतफहमियों और तनाव की स्थिति बन सकती है। पेशेवर दृष्टिकोण से देखा जाए तो यह गोचर आपके लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आता है। मंगल आपके नवम भाव, अर्थात भाग्य भाव का स्वामी है और उसका आपके प्रथम भाव में गोचर करना इस बात का संकेत देता है कि भाग्य आपके प्रयासों का पूरा समर्थन करेगा। कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने, अपनी योग्यता साबित करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के कई अवसर आपके सामने आ सकते हैं। जो काम पहले अटके हुए लगते थे, उनमें गति आएगी और आत्मविश्वास के साथ लिए गए निर्णय आपको सफलता की ओर ले जाएंगे। यह समय नए लक्ष्य तय करने और साहस के साथ आगे बढ़ने के लिए अनुकूल है। इसके साथ-साथ यह गोचर आध्यात्मिक दृष्टि से भी आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। ध्यान, साधना और आत्मचिंतन के माध्यम से आपका सहज बोध और करुणा भाव जागृत होगा, जो आपके स्वाभाविक गुण हैं। यदि आप इस समय का सही उपयोग करते हैं, तो यह गोचर न केवल आपको बाहरी दुनिया में सफलता दिलाएगा, बल्कि भीतर से भी अधिक संतुलित, शांत और परिपक्व बना देगा।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं, ध्यान और साधना करें तथा मंगलवार को लाल वस्त्र धारण करें।

मीन राशिफल 2026

कुल मिलाकर मंगल का मीन राशि में गोचर जीवन में परिवर्तन, संघर्ष और अवसर तीनों लेकर आता है। यदि आप संयम, सही उपाय और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं, तो मंगल की यह ऊर्जा आपके जीवन को नई दिशा और मजबूती प्रदान कर सकती है।

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम आशा करते हैं कि आपको ये आर्टिकल पसंद आया होगा। एस्ट्रोसेज के साथ जुड़े रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

1. मंगल का मीन राशि में गोचर कब होगा?

मंगल देव 02 अप्रैल 2026 को मीन राशि में गोचर करने जा रहे हैं।

2. मीन राशि के स्वामी कौन हैं?

राशि चक्र की अंतिम राशि मीन के स्वामी गुरु ग्रह हैं।

3. मंगल ग्रह का स्वभाव कैसा है?

ज्योतिष में मंगल देव को उग्र स्वभाव का ग्रह माना जाता है।

एस्ट्रोसेज मोबाइल पर सभी मोबाइल ऍप्स

एस्ट्रोसेज टीवी सब्सक्राइब

रत्न खरीदें

एस्ट्रोसेज डॉट कॉम सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता वाले रत्न, लैब सर्टिफिकेट के साथ बेचता है।

यन्त्र खरीदें

एस्ट्रोसेज डॉट कॉम के विश्वास के साथ यंत्र का लाभ उठाएँ।

फेंगशुई खरीदें

एस्ट्रोसेज पर पाएँ विश्वसनीय और चमत्कारिक फेंगशुई उत्पाद

रूद्राक्ष खरीदें

एस्ट्रोसेज डॉट कॉम से सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता वाले रुद्राक्ष, लैब सर्टिफिकेट के साथ प्राप्त करें।