शुक्र का वृषभ राशि में गोचर, स्वराशि में गोचर का प्रभाव (19 अप्रैल, 2026)
शुक्र गोचर 2026: वृषभ राशि में शुक्र का प्रवेश और सभी राशियों पर प्रभाव
वैदिक ज्योतिष में शुक्र ग्रह को जीवन के सुख, ऐश्वर्य, प्रेम, सौंदर्य, वैवाहिक आनंद और भौतिक सुविधाओं का प्रमुख कारक माना गया है। जब भी शुक्र अपनी ही राशि में गोचर करता है, तो उसका प्रभाव और भी अधिक शक्तिशाली हो जाता है। वर्ष 2026 में ऐसा ही एक विशेष अवसर आने वाला है, जब 19 अप्रैल 2026, रविवार को दोपहर 15:28 बजे शुक्र ग्रह अपनी स्वराशि वृषभ में प्रवेश करेगा।
यह भी पढ़ें: राशिफल 2026
विद्वान ज्योतिषियों से फोन पर बात करें और जानें शुक्र का वृषभ राशि में गोचर का अपने जीवन पर प्रभाव
वृषभ एक पृथ्वी तत्व राशि है और शुक्र की स्वाभाविक ऊर्जा से जुड़ी हुई है, इसलिए इस गोचर के दौरान भोग-विलास, सुख-सुविधाओं की चाह, प्रेम संबंधों और आर्थिक मामलों में तेजी देखने को मिलेगी। लोग अधिक आरामदायक जीवन की ओर आकर्षित होंगे और अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए प्रयासरत रहेंगे। इस शक्तिशाली शुक्र गोचर का असर सभी बारह राशियों पर अलग-अलग रूप में दिखाई देगा।
शुक्र का वृषभ राशि में गोचर 2026: मेष, वृषभ और मिथुन राशि पर प्रभाव
वैदिक ज्योतिष में शुक्र ग्रह को प्रेम, सौंदर्य, विलासिता, धन, वैवाहिक सुख और भौतिक सुविधाओं का मुख्य कारक माना जाता है। जब शुक्र अपनी ही राशि वृषभ में प्रवेश करता है, तब उसकी शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। यही कारण है कि शुक्र का वृषभ राशि में गोचर सभी राशियों के जीवन में विशेष बदलाव लेकर आता है। यह गोचर न केवल आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है, बल्कि रिश्तों, व्यक्तित्व, खान-पान और जीवनशैली पर भी गहरा असर डालता है।
आइए जानते हैं कि इस गोचर का मेष, वृषभ और मिथुन राशि के जातकों पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है।
Read Here In English: Venus Transit in Taurus
यह राशिफल आपकी चंद्र राशि पर आधारित है। अपनी व्यक्तिगत चन्द्र राशि अभी जानने के लिए चंद्र राशि कैलकुलेटर का उपयोग करें
मेष राशि पर शुक्र गोचर का प्रभाव
मेष राशि वालों के लिए शुक्र का वृषभ राशि में गोचर आपकी कुंडली के दूसरे भाव में होगा। यह भाव धन, परिवार, वाणी और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ा होता है। इसके साथ ही शुक्र आपके सातवें भाव का भी स्वामी है, इसलिए यह गोचर आपके जीवन में संबंधों और आर्थिक मामलों दोनों को मजबूती देने वाला साबित होगा। इस दौरान आपकी वाणी में विशेष आकर्षण आ जाएगा। आप अपनी बातों से लोगों को आसानी से प्रभावित कर पाएंगे और यही कारण है कि आपकी मित्र मंडली तेजी से बढ़ेगी। सामाजिक जीवन में आपकी पहचान मजबूत होगी और लोग आपकी ओर स्वतः आकर्षित होंगे।
इस गोचर के समय खान-पान के प्रति आपका रुझान बढ़ेगा। स्वादिष्ट भोजन, नई-नई डिशेज़ और अच्छी जगहों पर खाने का आनंद आपको मिलेगा। साथ ही, आप अपने लिए अच्छे कपड़े, आभूषण या कोई नया गैजेट भी खरीद सकते हैं। शुक्र की कृपा से आमदनी में बढ़ोतरी के योग बनेंगे और धन लाभ के कारण आपकी आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ होगी। व्यापार से जुड़े जातकों को भी अच्छा मुनाफा मिलने के संकेत हैं और व्यवसाय में स्थायित्व आएगा।
यदि आप शादीशुदा हैं, तो जीवनसाथी से सुख और सहयोग प्राप्त होगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी और आपसी समझ बेहतर होगी। कुल मिलाकर यह गोचर आपके लिए कई तरह के लाभ के द्वार खोलने वाला है। हालांकि, इस दौरान भोग-विलास की प्रवृत्ति बढ़ सकती है। यदि आप खान-पान या आराम में अत्यधिक लिप्त हो गए, तो स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए संयम बनाए रखना आवश्यक होगा। इस गोचर के प्रभाव से समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा और आपकी छवि एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के रूप में उभरेगी।
उपाय: शुक्रवार के दिन शिवलिंग पर चावल अर्पित करना आपके लिए विशेष लाभकारी रहेगा।
वृषभ राशि पर शुक्र गोचर का प्रभाव
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह गोचर अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि शुक्र आपकी ही राशि में प्रवेश कर रहा है और वह आपकी राशि का स्वामी भी है। साथ ही शुक्र आपके छठे भाव का स्वामी भी होने के कारण यह गोचर मिश्रित लेकिन प्रभावशाली परिणाम देने वाला रहेगा। इस दौरान आपके स्वास्थ्य में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। विशेष रूप से खान-पान में लापरवाही करने से समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाना बेहद जरूरी होगा।
शुक्र के प्रभाव से आपके व्यक्तित्व में एक अलग ही आकर्षण दिखाई देगा। आप सुंदरता, कला और आराम से जुड़ी चीजों की ओर अधिक आकर्षित होंगे। दांपत्य जीवन के लिए यह गोचर काफी सकारात्मक साबित होगा। यदि रिश्ते में पहले से कोई दूरी या तनाव चला आ रहा था, तो वह धीरे-धीरे समाप्त होने लगेगा। पति-पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ेंगी और अंतरंग पलों में वृद्धि होगी, जिससे संबंध और भी मजबूत बनेंगे।
व्यापार और पेशे से जुड़े लोगों के लिए यह समय मेहनत का अच्छा फल देने वाला रहेगा। आपके प्रयास सफल होंगे और बिज़नेस से जुड़े कुछ सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। हालांकि, इस गोचर के दौरान आपको अपने व्यवहार पर विशेष ध्यान देना होगा। महिलाओं का सम्मान करना और कटु वचन बोलने से बचना अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है। यदि आप शादीशुदा हैं, तो भावनाओं में बहकर कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे बाद में पछताना पड़े। इस समय वाद-विवाद की प्रवृत्ति बढ़ सकती है, लेकिन इससे दूरी बनाए रखना ही आपके हित में रहेगा। साथ ही, विरोधी आपकी छवि को खराब करने का प्रयास कर सकते हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक होगा।
उपाय: उपाय के रूप में उत्तम गुणवत्ता वाला ओपल रत्न धारण करना शुभ फल प्रदान करेगा।
करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट
मिथुन राशि पर शुक्र गोचर का प्रभाव
मिथुन राशि वालों के लिए शुक्र का वृषभ राशि में गोचर आपकी कुंडली के बारहवें भाव में होगा। शुक्र आपके लिए पांचवें और बारहवें भाव का स्वामी है, इसलिए यह गोचर खर्चों और सुख-सुविधाओं दोनों को बढ़ाने वाला रहेगा। इस दौरान अचानक खर्चों में वृद्धि हो सकती है, जिससे आर्थिक दबाव महसूस होगा। हालांकि शुक्र की सकारात्मक ऊर्जा के कारण आपकी आमदनी में भी वृद्धि होगी, जिससे आप इन बढ़े हुए खर्चों को संभालने में सफल रहेंगे।
यह समय भौतिक सुखों और निजी जीवन के आनंद का रहेगा। अंतरंग संबंधों में वृद्धि होगी और आप आराम व विलासिता की ओर अधिक आकर्षित होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में विदेश जाने की इच्छा रखने वाले जातकों के लिए यह गोचर बेहद शुभ साबित हो सकता है। किसी विदेशी विश्वविद्यालय या कॉलेज में दाखिले के योग बन सकते हैं, जिससे आपकी खुशी दोगुनी हो जाएगी।
हालांकि इस समय आपको अपने विरोधियों से सावधान रहने की आवश्यकता होगी, क्योंकि वे आपकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। कला, संगीत, लेखन या क्रिएटिव फील्ड से जुड़े लोगों को विदेश यात्रा या अंतरराष्ट्रीय अवसर मिल सकते हैं। इस गोचर के दौरान आपको अच्छी और गहरी नींद मिलेगी, जिससे शारीरिक और मानसिक रूप से आराम महसूस होगा। लेकिन यदि आप अत्यधिक भोग-विलास में लिप्त हो गए, तो स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसलिए संतुलन बनाए रखना आवश्यक होगा।
संतान से जुड़े मामलों में खर्च बढ़ सकता है और उनके लिए आपको कोई बड़ा खर्च करना पड़ सकता है। कुल मिलाकर, यह गोचर मिथुन राशि वालों के लिए सुख, खर्च और अवसर—तीनों का संतुलित मिश्रण लेकर आएगा।
उपाय: उपाय स्वरूप प्रतिदिन गौ माता को गौ-ग्रास अर्पित करना अत्यंत शुभ रहेगा।
शुक्र का वृषभ राशि में गोचर: कर्क, सिंह और कन्या राशि पर प्रभाव
कर्क राशि
शुक्र का वृषभ राशि में गोचर आपकी राशि से एकादश भाव में होगा। आपके लिए शुक्र चतुर्थ और एकादश भाव का स्वामी है, इसलिए यह गोचर आपकी आय, सुख-सुविधाओं और सामाजिक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि करने वाला सिद्ध होगा। एकादश भाव में स्थित शुक्र आपको धन लाभ के नए अवसर प्रदान करेगा और आपकी आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ होगी। इस दौरान आपकी आमदनी बढ़ेगी और साथ ही प्रभावशाली एवं संपन्न लोगों से आपके संपर्क स्थापित होंगे, जो भविष्य में आपके लिए लाभकारी साबित होंगे।
व्यापार से जुड़े जातकों के लिए यह समय अत्यंत शुभ रहेगा। बिज़नेस में विस्तार के योग बनेंगे और कोई नई डील या बड़ा क्लाइंट मिलने की संभावना भी रहेगी। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में भी लाभ होगा और यदि आपने पहले से किसी संपत्ति में निवेश किया है, तो उससे रेंटल इनकम या मुनाफा मिलने के संकेत हैं। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह गोचर विशेष रूप से अनुकूल है, क्योंकि वरिष्ठ अधिकारियों और बॉस के साथ आपके संबंध मजबूत होंगे, जिससे कार्यस्थल पर आपका प्रदर्शन सराहा जाएगा।
प्रेम जीवन की बात करें तो शुक्र का यह गोचर आपके रिश्तों में मधुरता घोल देगा। प्रियतम के साथ भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा और आपसी समझ बेहतर होगी। लंबे समय से जिन इच्छाओं और अभिलाषाओं को आप मन में संजोए हुए थे, वे अब धीरे-धीरे पूरी होने लगेंगी। शिक्षा के क्षेत्र में भी अच्छे परिणाम मिलेंगे और यदि आप शादीशुदा हैं तो संतान की प्रगति आपको मानसिक संतोष और गर्व प्रदान करेगी।
उपाय: उपाय के रूप में शुक्रवार के दिन श्रीसूक्त का पाठ करना विशेष फलदायी रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए शुक्र का गोचर दशम भाव में होगा और शुक्र आपके लिए तीसरे तथा दशम भाव के स्वामी हैं। दशम भाव कर्म और करियर का स्थान होता है, इसलिए इस गोचर के प्रभाव से आपके कार्यक्षेत्र में उन्नति के नए द्वार खुलेंगे। शुक्र स्वराशि में स्थित होकर आपको अपने काम में बेहतर परिणाम दिलाएगा और आपकी मेहनत रंग लाएगी। इस समय आप अपने करियर को लेकर अधिक गंभीर और समर्पित रहेंगे, जिससे समाज और कार्यस्थल पर आपका मान-सम्मान बढ़ेगा।
हालांकि शुक्र की कोमल प्रकृति के कारण आपको इस दौरान गॉसिप, बहसबाज़ी और अनावश्यक विवादों से बचना होगा, क्योंकि ऐसे मामलों में आपकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है और वरिष्ठ अधिकारी आपसे नाराज़ हो सकते हैं। यदि आप संयम और शालीनता बनाए रखते हैं, तो यह गोचर आपको शानदार सफलता दिला सकता है।
पारिवारिक जीवन में भी सुख-शांति का वातावरण रहेगा। परिवार में नया वाहन या प्रॉपर्टी खरीदने के योग बन सकते हैं। भाई-बहनों का सहयोग आपको मिलेगा और पिता का मार्गदर्शन आपके लिए संबल बनेगा। माता जी को भी इस दौरान मानसिक शांति और आराम की अनुभूति होगी। घर में किसी शुभ कार्य, पूजा या पारिवारिक समारोह का आयोजन हो सकता है, जिससे घर का माहौल आनंदमय रहेगा।
उपाय: उपाय के तौर पर माता महालक्ष्मी की उपासना करना आपके लिए अत्यंत लाभकारी रहेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए शुक्र नवम और द्वितीय भाव के स्वामी हैं और अपने गोचर काल में वे नवम भाव, यानी भाग्य स्थान में प्रवेश करेंगे। यह स्थिति अत्यंत शुभ मानी जाती है, क्योंकि इससे आपको भाग्य का भरपूर साथ मिलेगा। लंबे समय से रुके हुए कार्य अब गति पकड़ेंगे और धन प्राप्ति के नए रास्ते खुलेंगे। यदि कहीं आपका पैसा अटका हुआ था, तो उसके वापस मिलने की प्रबल संभावना बन रही है।
इस गोचर के प्रभाव से आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और लोग आपकी सलाह और विचारों को महत्व देंगे। आपको किसी सुंदर और दर्शनीय स्थान की यात्रा का अवसर मिल सकता है, जहां आप परिवार या प्रियजनों के साथ सुखद समय बिताएंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए स्थानांतरण के योग बन रहे हैं, जो अंततः आपके हित में सिद्ध होंगे और भविष्य में लाभ देंगे।
व्यापारियों के लिए यह समय थोड़ा मेहनत भरा हो सकता है, लेकिन परिश्रम के बाद आपको अच्छी सफलता अवश्य मिलेगी। आपकी आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत होती जाएगी और धन-संपत्ति में वृद्धि होगी। इस दौरान आपके छोटे भाई-बहनों को भी लाभ मिलेगा और उनके जीवन में प्रगति के संकेत हैं। यदि घर में किसी भाई या बहन के विवाह की बात चल रही है, तो इस गोचर में वह शुभ कार्य संपन्न हो सकता है। नए मित्र बनेंगे और यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण संपर्क स्थापित होंगे।
उपाय: उपाय स्वरूप छह मुखी रुद्राक्ष धारण करना शुभ रहेगा।
शुक्र का वृषभ राशि में गोचर: तुला, वृश्चिक और धनु राशि पर प्रभाव
तुला राशि
तुला राशि के स्वामी शुक्र देव इस गोचर काल में आपकी कुंडली के अष्टम भाव में अपनी ही स्वराशि वृषभ में प्रवेश करेंगे। अष्टम भाव को परिवर्तन, अचानक मिलने वाले लाभ, गूढ़ विषयों और गुप्त शक्तियों का स्थान माना जाता है। ऐसे में जब अष्टम भाव का स्वामी स्वयं अष्टम भाव में विराजमान होता है, तो जीवन में अचानक सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं। इस दौरान आपको बिना अपेक्षा के धन लाभ हो सकता है और कोई ऐसा अवसर मिल सकता है, जो आपकी आर्थिक स्थिति को नई दिशा दे दे।
शुक्र के प्रभाव से आपके भीतर सुख-सुविधाओं और भौतिक आनंद की चाह बढ़ेगी। आप अधिक लगन और मेहनत के साथ अपने कार्यों में जुटेंगे और स्वयं को श्रेष्ठ साबित करने का प्रयास करेंगे। हालांकि इस गोचर में स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सावधानी आवश्यक है। अनियमित खान-पान, अधिक मीठा या तला-भुना भोजन आपकी सेहत को प्रभावित कर सकता है, इसलिए संतुलित आहार और दिनचर्या बनाए रखना अत्यंत जरूरी होगा।
यदि आप शादीशुदा हैं तो इस समय ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों से मुलाकात के योग बनेंगे। किसी विवाह या पारिवारिक समारोह में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिससे रिश्तों में मधुरता आएगी और आपसी संबंध मजबूत होंगे। कुछ अनचाही यात्राएं भी हो सकती हैं, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से वे यात्राएं आपके लिए लाभकारी सिद्ध होंगी। करियर के क्षेत्र में यह गोचर आपको खुद को साबित करने का सुनहरा मौका देगा और आपकी क्षमताओं को पहचान मिलेगी।
उपाय: उपाय के रूप में “ॐ शुं शुक्राय नमः” मंत्र का नियमित जाप करें।
कुंडली में मौजूद राज योग की समस्त जानकारी पाएं
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह गोचर अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि शुक्र आपके सप्तम भाव का स्वामी होकर अपने ही भाव में गोचर करेंगे। इसके साथ ही शुक्र आपके द्वादश भाव का स्वामी भी है, इसलिए इस गोचर का सीधा प्रभाव आपके दांपत्य जीवन, साझेदारी और विदेश संबंधी मामलों पर पड़ेगा। इस अवधि में वैवाहिक जीवन में सुखों की वर्षा होगी और यदि लंबे समय से किसी प्रकार का तनाव या मनमुटाव चल रहा था, तो वह धीरे-धीरे समाप्त होने लगेगा।
जीवनसाथी के साथ भावनात्मक और शारीरिक निकटता बढ़ेगी और आप दोनों के बीच प्रेम और समझ में वृद्धि होगी। प्रेम संबंधों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे और रिश्ते को नया जीवन मिलेगा। विदेशी माध्यमों से लाभ के प्रबल योग बन रहे हैं। विशेष रूप से इंपोर्ट-एक्सपोर्ट, विदेशी कंपनियों या ऑनलाइन इंटरनेशनल बिज़नेस से जुड़े लोगों को इस दौरान शानदार सफलता मिल सकती है। यदि आप नया व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो यह समय आपके लिए अनुकूल रहेगा।
स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह गोचर अच्छा रहेगा। आपकी ऊर्जा बढ़ेगी, व्यक्तित्व में निखार आएगा और आप पहले से अधिक आकर्षक महसूस करेंगे। समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। इस समय आप अपने जीवनसाथी पर खुलकर खर्च करेंगे और यह खर्च आपको आत्मिक संतोष देगा, क्योंकि इससे रिश्ते में खुशियां और मधुरता बढ़ेगी।
उपाय: उपाय के रूप में कुबेर मंत्र का जाप करना विशेष फल देगा।
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह गोचर आपकी कुंडली के छठे भाव में होगा और वह अपनी ही स्वराशि वृषभ में स्थित रहेगा। शुक्र आपके छठे और एकादश भाव का स्वामी है, इसलिए यह गोचर कुछ मामलों में चुनौतीपूर्ण रह सकता है। इस दौरान स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं आपको परेशान कर सकती हैं, विशेष रूप से जल तत्व या जल जनित रोगों की आशंका बनी रहेगी। इसलिए स्वच्छ पानी का सेवन करें और मौसम के अनुसार सावधानी बरतें।
आर्थिक दृष्टि से भी यह समय थोड़ा संभलकर चलने का संकेत दे रहा है। खर्चों में वृद्धि हो सकती है, जबकि आमदनी अपेक्षाकृत कम रह सकती है, जिससे बजट असंतुलित हो सकता है। इस समय आपको अपने खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा और अनावश्यक खर्च से बचना होगा। विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार के वाद-विवाद या अनावश्यक बहस से दूरी बनाए रखना ही समझदारी होगी।
कार्य क्षेत्र में सफलता पाने के लिए आपको पहले से अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जातकों के लिए यह समय परिश्रम और धैर्य की परीक्षा ले सकता है, लेकिन निरंतर प्रयास अंततः सफलता दिला सकता है। इस दौरान महिलाओं के प्रति विशेष सम्मान बनाए रखें, क्योंकि शुक्र के अशुभ प्रभाव में स्त्रियों से विवाद आर्थिक और मानसिक हानि का कारण बन सकता है।
उपाय: उपाय के रूप में शुक्रवार के दिन चीनी और चावल का दान करें।
बृहत् कुंडली : जानें ग्रहों का आपके जीवन पर प्रभाव और उपाय
शुक्र का वृषभ राशि में गोचर: मकर, कुंभ और मीन राशि पर प्रभाव
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए शुक्र का वृषभ राशि में गोचर अत्यंत शुभ और महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि शुक्र आपके लिए योगकारक ग्रह की भूमिका निभाता है। इस गोचर के दौरान शुक्र आपकी कुंडली के पंचम भाव में प्रवेश करेगा, जो शिक्षा, बुद्धि, प्रेम, संतान और रचनात्मकता का भाव है। पंचम भाव में स्वराशि का शुक्र न केवल अत्यंत मजबूत स्थिति में होगा, बल्कि आपको जीवन के अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता भी दिलाएगा।
इस अवधि में आपकी आमदनी में निरंतर वृद्धि के संकेत मिलेंगे और समाज में आपके मान-सम्मान में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। शिक्षा से जुड़े जातकों के लिए यह समय स्वर्णिम सिद्ध होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता, उच्च शिक्षा में प्रवेश या किसी विशेष उपलब्धि के योग बन रहे हैं। आपकी बुद्धिमत्ता और ज्ञान की सराहना होगी और लोग आपको विद्वानों की श्रेणी में गिनने लगेंगे।
प्रेम जीवन में यह गोचर मधुरता और उत्साह लेकर आएगा। प्रियतम के साथ भावनात्मक जुड़ाव गहरा होगा और आप दोनों के बीच अंतरंगता बढ़ेगी। यदि आप शादीशुदा हैं, तो संतान से जुड़ी खुशखबरी मिल सकती है। कुछ जातकों को संतान प्राप्ति का सुख मिल सकता है, जबकि कुछ को अपनी संतान की उपलब्धियों से गर्व और संतोष मिलेगा।
करियर की दृष्टि से भी यह समय बदलाव और उन्नति का संकेत दे रहा है। जो लोग नौकरी बदलने का विचार कर रहे हैं, उनके लिए यह समय अनुकूल रहेगा। यदि किसी कारणवश आपकी नौकरी छूट गई थी, तो इस गोचर काल में नई नौकरी मिलने की प्रबल संभावना बन रही है। व्यापारियों के लिए भी यह समय अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा और नए अवसर आपके द्वार पर दस्तक देंगे।
उपाय: उपाय के तौर पर उत्तम गुणवत्ता वाला ओपल रत्न धारण करना लाभकारी रहेगा।
नए वर्ष की भविष्यवाणी प्राप्त करें वार्षिक कुंडली 2026 से
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के जीवन में शुक्र का यह गोचर सुख, शांति और भौतिक आनंद लेकर आएगा। इस गोचर काल में शुक्र आपकी कुंडली के चतुर्थ भाव में प्रवेश करेगा, जो सुख-सुविधाओं, घर, वाहन और माता से संबंधित होता है। चतुर्थ भाव में स्वराशि का शुक्र अत्यंत शुभ फल प्रदान करता है। इसके साथ ही शुक्र आपके नवम भाव अर्थात भाग्य स्थान का स्वामी भी है, जिससे भाग्य में विशेष प्रबलता आएगी।
इस समय आप नया मकान बनाने या खरीदने का विचार कर सकते हैं। वाहन खरीदने के भी प्रबल योग बन रहे हैं। यदि पहले से घर है, तो उसकी साज-सज्जा और इंटीरियर पर खर्च कर घर को और अधिक सुंदर बनाने का मन करेगा। पारिवारिक जीवन में आनंद और उत्साह बना रहेगा। किसी शुभ कार्य या पारिवारिक समारोह के कारण घर में मेहमानों का आगमन होगा और वातावरण उल्लासपूर्ण रहेगा। माता जी की सेहत और मनोदशा में भी सुधार होगा, जिससे आपको मानसिक सुकून प्राप्त होगा।
कार्यक्षेत्र में भी यह गोचर अनुकूल परिणाम देगा। आपकी मेहनत को सराहना मिलेगी और उच्च अधिकारियों से प्रशंसा प्राप्त होगी। करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। यदि आपने किसी प्रॉपर्टी में निवेश किया है, तो उससे अच्छा लाभ मिलने के संकेत हैं। जो लोग विदेश में रह रहे हैं, उनके लिए घर वापसी या परिवार से मिलने के योग बन सकते हैं। परिवार के साथ समय बिताने से आपका मानसिक तनाव कम होगा और भीतर से शांति का अनुभव होगा।
उपाय: उपाय स्वरूप छह मुखी रुद्राक्ष धारण करें।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए शुक्र तीसरे और अष्टम भाव का स्वामी है और इस गोचर के दौरान वह आपके तीसरे भाव में प्रवेश करेगा। यह गोचर पूरी तरह अनुकूल नहीं माना जाता, इसलिए इस अवधि में आपको विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी, खासकर स्वास्थ्य के मामले में। शारीरिक थकान, मौसमी बीमारियां या कमजोरी महसूस हो सकती है, इसलिए अपनी दिनचर्या और खान-पान पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक होगा।
हालांकि यात्राओं के दृष्टिकोण से यह समय लाभदायक रह सकता है। छोटी या लंबी यात्राओं से आपको न केवल मानसिक ताजगी मिलेगी, बल्कि किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात का अवसर भी प्राप्त हो सकता है। आर्थिक दृष्टि से देखें तो आपकी आमदनी में धीरे-धीरे वृद्धि होगी और भाई-बहनों को भी इस दौरान अच्छा लाभ मिल सकता है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल बनेगा।
इस गोचर के दौरान मानसिक तनाव की स्थिति भी बन सकती है और कार्यस्थल पर आपको सहकर्मियों पर अधिक निर्भर रहना पड़ेगा। राहत की बात यह है कि वे आपके सहयोगी सिद्ध होंगे और आपसी संबंध और भी मजबूत होंगे, जिसका सकारात्मक असर आपके कार्य पर पड़ेगा। इस समय आप अपनी किसी पुरानी हॉबी को फिर से अपनाने का मन बना सकते हैं या कला, संगीत, लेखन जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में कुछ नया करने का प्रयास करेंगे। यदि आप ऐसा करते हैं, तो आपको न केवल संतोष मिलेगा बल्कि समाज में आपकी पहचान और मान-सम्मान भी बढ़ेगा।
उपाय: उपाय के रूप में शुक्रवार के दिन किसी मंदिर में श्रृंगार की सामग्री अर्पित करें।
इस प्रकार, शुक्र का वृषभ राशि में गोचर 2026 जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सुख, प्रेम, धन और सौंदर्य की नई संभावनाएं लेकर आएगा। उचित उपायों के साथ यदि इस गोचर की ऊर्जा का सही उपयोग किया जाए, तो जीवन में स्थायी सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं।
सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर
हम आशा करते हैं कि आपको ये आर्टिकल पसंद आया होगा। एस्ट्रोसेज के साथ जुड़े रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
1. शुक्र का वृषभ राशि में गोचर कब होगा?
शुक्र ग्रह 19 अप्रैल 2026 को वृषभ राशि में गोचर करने जा रहे हैं।
2. वृषभ राशि में शुक्र की स्थिति कैसी मानी जाती है?
शुक्र का स्वयं की राशि वृषभ में गोचर बेहद शुभ और शक्तिशाली माना जाता है।
3. शुक्र गोचर के दौरान वृषभ राशि वाले कौन सा उपाय करें?
वृषभ राशि के जातकों के लिए ओपल रत्न धारण करना शुभ रहेगा।







