• Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers
  • Talk To Astrologers

सूर्य का मेष राशि में गोचर, उच्च राशि में गोचर का प्रभाव (14 अप्रैल, 2026)

सूर्य का मेष राशि में गोचर 2026: तिथि, समय और सभी राशियों पर प्रभाव

वैदिक ज्योतिष में सूर्य को ग्रहों का राजा कहा गया है। यह आत्मबल, तेज, नेतृत्व, प्रतिष्ठा, पिता, शासन और जीवन ऊर्जा का प्रतीक है। जब सूर्य अपनी स्थिति बदलता है, तो उसका प्रभाव केवल व्यक्तिगत जीवन पर ही नहीं बल्कि प्रकृति, मौसम और सामाजिक व्यवस्था पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इसी क्रम में सूर्य का मेष राशि में गोचर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और शक्तिशाली ज्योतिषीय घटना मानी जाती है।

सूर्य का मेष राशि में गोचर, सूर्य गोचर 2026

सूर्य का मेष राशि में गोचर 14 अप्रैल, सोमवार को प्रातः 9 बजकर 9 मिनट (09:09 बजे) पर होगा। इस विशेष क्षण पर सूर्य देव अपने परम मित्र मंगल के स्वामित्व वाली मेष राशि में प्रवेश करेंगे। मेष एक अग्नि तत्व की राशि है और सूर्य को इस राशि में उच्च का माना जाता है। जब अग्नि तत्व प्रधान सूर्य ग्रह अग्नि तत्व प्रधान मेष राशि में प्रवेश करता है, तो उसकी ऊर्जा कई गुना बढ़ जाती है। यही कारण है कि इस गोचर को आत्मविश्वास, साहस, नई शुरुआत और तेज उन्नति का प्रतीक माना जाता है।

यह भी पढ़ें: राशिफल 2026

विद्वान ज्योतिषियों से फोन पर बात करें और जानें सूर्य का मेष राशि में गोचर का अपने जीवन पर प्रभाव

सूर्य का मेष राशि में गोचर जीवन में खुशहाली और तरक्की के संकेत देता है। यह समय आत्मविश्वास को मजबूत करने, निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने और नए कार्यों की शुरुआत के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। सूर्य के इस गोचर का प्रभाव सभी बारह राशियों पर अलग-अलग रूप में देखने को मिलेगा।

आइए अब विस्तार से जानते हैं कि सूर्य के मेष राशि में गोचर यानी मेष संक्रांति का सभी राशियों के जातकों पर क्या प्रभाव पड़ेगा और किन उपायों से आप इस शक्तिशाली गोचर का पूरा लाभ उठा सकते हैं:

Read in English: Sun Transit in Aries

यह राशिफल आपकी चंद्र राशि पर आधारित है। अपनी व्यक्तिगत चन्द्र राशि अभी जानने के लिए चंद्र राशि कैलकुलेटर का उपयोग करें

सूर्य का मेष राशि में गोचर: मेष, वृषभ और मिथुन राशि पर विशेष प्रभाव

मेष राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

मेष राशि के जातकों के लिए यह गोचर बेहद खास और जीवन को दिशा देने वाला सिद्ध होगा, क्योंकि सूर्य देव इसी राशि में अपनी उच्च अवस्था में प्रवेश कर रहे हैं। सूर्य आपके पंचम भाव के स्वामी हैं और प्रथम भाव में स्थित होकर आपके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा देंगे। इस समय आपके चेहरे पर तेज, वाणी में प्रभाव और व्यवहार में आत्मविश्वास साफ झलकेगा।

इस गोचर का सबसे सुंदर प्रभाव आपकी संतान से जुड़े मामलों में देखने को मिलेगा। संतान की ओर से आपको पूर्ण सुख की प्राप्ति होगी और उन्हें शिक्षा या करियर के क्षेत्र में कोई बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। उनकी सफलता से न केवल उनका नाम होगा, बल्कि समाज में आपका मान-सम्मान भी बढ़ेगा। यदि आप अभी अविवाहित हैं, तो शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में यह समय आपके लिए अत्यंत अनुकूल है। इंजीनियरिंग, मेडिकल या अन्य किसी कठिन परीक्षा में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है, जिससे आपका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाएगा।

प्रेम जीवन के लिहाज से भी यह गोचर बेहद सकारात्मक रहेगा। आपका प्रिय खुलकर अपने मन की भावनाएँ व्यक्त करेगा और प्रेम संबंधों में स्पष्टता आएगी, जिससे आपको गहरी खुशी और संतोष की अनुभूति होगी। हालांकि इस दौरान सफलता और आत्मविश्वास के कारण आपके स्वभाव में अहंकार की भावना भी आ सकती है। यही अभिमान यदि नियंत्रण से बाहर गया, तो यह आपके वैवाहिक और पारिवारिक जीवन को प्रभावित कर सकता है। विवाहित जातकों को विशेष रूप से धैर्य और समझदारी से काम लेना होगा, क्योंकि अहंकार से नुकसान होने के योग बन सकते हैं।

उपाय: इस गोचर के सकारात्मक प्रभाव को स्थायी बनाने और अहंकार पर नियंत्रण रखने के लिए श्री आदित्य हृदय स्तोत्र का नियमित पाठ करना अत्यंत लाभकारी रहेगा। यह पाठ सूर्य की कृपा को संतुलित रूप में प्रदान करता है और आत्मबल के साथ विनम्रता भी सिखाता है।

मेष साप्ताहिक राशिफल

वृषभ राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

वृषभ राशि के जातकों के लिए सूर्य देव का यह गोचर बारहवें भाव में हो रहा है। सूर्य आपके चौथे भाव के स्वामी हैं और बारहवें भाव में अपनी उच्च राशि मेष में स्थित होकर आपके जीवन में विदेश से जुड़े अवसरों के द्वार खोल सकते हैं। इस गोचर के प्रभाव से विदेश यात्रा, विदेशी भूमि पर कार्य या वहाँ से जुड़े किसी प्रोजेक्ट में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। बाहरी देशों में आपको मान-सम्मान, पहचान और उपलब्धियाँ मिल सकती हैं।

इस समय आपके शत्रुओं पर विजय प्राप्त होने के योग भी बन रहे हैं। यदि कोई कोर्ट-कचहरी या कानूनी मामला लंबे समय से चल रहा है, तो उसके परिणाम आपके पक्ष में आने की पूरी संभावना है। हालांकि इस गोचर के दौरान आपके खर्चों में वृद्धि अवश्य होगी, लेकिन ये खर्चे अधिकतम पारिवारिक जरूरतों, घरेलू सुविधाओं, समाज सेवा और धार्मिक कार्यों पर होंगे। इन खर्चों से आपको मानसिक और आत्मिक संतोष की अनुभूति होगी, इसलिए इन्हें बोझ की तरह नहीं लेना चाहिए।

नौकरीपेशा जातकों के लिए स्थानांतरण के योग बन रहे हैं, लेकिन यह परिवर्तन आपके भविष्य के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। इसलिए किसी भी बदलाव से घबराने की आवश्यकता नहीं है। इस समय आपकी माता को विशेष लाभ मिलने के संकेत हैं। उन्हें समाज में मान-सम्मान प्राप्त हो सकता है और यदि वे कहीं कार्यरत हैं, तो वहाँ से उन्हें अच्छा लाभ और पहचान मिलेगी।

यदि आपने हाल ही में किसी नौकरी के लिए आवेदन किया है, तो इस गोचर काल में मनचाही नौकरी मिलने की संभावना भी प्रबल है।

उपाय: सूर्य की कृपा को और अधिक मजबूत करने के लिए रविवार के दिन किसी गौशाला या मंदिर में गेहूं, तांबा और गुड़ का दान करें। यह उपाय आर्थिक संतुलन बनाए रखने और विदेश संबंधी कार्यों में सफलता दिलाने में सहायक होगा।

वृषभ साप्ताहिक राशिफल

करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट

मिथुन राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

मिथुन राशि के जातकों के लिए सूर्य देव का गोचर एकादश भाव में हो रहा है, जिसे आय, लाभ और इच्छाओं की पूर्ति का भाव माना जाता है। एकादश भाव में उच्च अवस्था में स्थित सूर्य आपके लिए खुशियों की बरसात लेकर आएगा। आपकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और व्यापार से जुड़े लोगों को इस दौरान समुचित और कभी-कभी आश्चर्यजनक लाभ प्राप्त हो सकता है।

समाज के प्रतिष्ठित, प्रभावशाली और ऊँची साख वाले लोगों से आपके संपर्क बढ़ेंगे, जो भविष्य में आपके करियर और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। व्यापारियों के लिए यह समय नाम, प्रतिष्ठा और विस्तार का है। नौकरीपेशा जातकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंध मजबूत होंगे और कार्यस्थल पर आपकी विश्वसनीयता बढ़ेगी।

हालाँकि प्रेम जीवन के मामले में यह गोचर थोड़ा संवेदनशील रह सकता है। आपके व्यवहार में आया आत्मविश्वास कभी-कभी अहंकार के रूप में दिखाई दे सकता है, जिससे आपके प्रिय को यह महसूस हो सकता है कि आप उनकी भावनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसे में संवाद और विनम्रता बनाए रखना बेहद जरूरी होगा।

सरकारी क्षेत्र से जुड़े मामलों में इस समय अच्छे लाभ के योग बन रहे हैं और विरोधियों पर आपकी जीत होगी। इससे आपका आत्मबल बढ़ेगा और लंबे समय से रुके हुए कार्य भी गति पकड़ लेंगे। छोटे भाई-बहनों का आपको पूरा सहयोग मिलेगा और वे न केवल भावनात्मक बल्कि आर्थिक रूप से भी आपकी सहायता कर सकते हैं। आपकी मेहनत रंग लाएगी, मान-सम्मान में वृद्धि होगी और सामाजिक दायरा पहले से कहीं अधिक विस्तृत होगा।

उपाय: इस गोचर के सकारात्मक प्रभाव को बनाए रखने और मानसिक संतुलन के लिए प्रतिदिन कम से कम 108 बार गायत्री मंत्र का जाप करें। यह उपाय बुद्धि को स्थिर करता है, वाणी में मधुरता लाता है और सूर्य की ऊर्जा को शुभ दिशा में प्रवाहित करता है।

मिथुन साप्ताहिक राशिफल

सूर्य का मेष राशि में गोचर: कर्क, सिंह और कन्या राशि पर विस्तृत प्रभाव

कर्क राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

कर्क राशि के जातकों के लिए सूर्य का यह गोचर अत्यंत शुभ और प्रभावशाली रहने वाला है। इस दौरान सूर्य आपकी कुंडली के दशम भाव में अपनी उच्च राशि मेष में दिगबल के साथ स्थित होंगे, जो आपके करियर और कर्म क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का संकेत देता है। नौकरीपेशा जातकों के लिए यह समय जबरदस्त पदोन्नति, मान-सम्मान और अधिकारों में वृद्धि लेकर आएगा। आपके कार्य की सराहना हर ओर होगी और यहाँ तक कि विरोधी भी आपके कौशल और मेहनत की प्रशंसा करते नज़र आयेंगे।

वरिष्ठ अधिकारी आपसे अत्यंत प्रसन्न रहेंगे और आपको कार्यक्षेत्र में पहले से अधिक जिम्मेदारियाँ सौंपी जा सकती हैं। इसके साथ ही आपकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने के योग बन रहे हैं। हालांकि, इस सफलता के दौर में अपने सहकर्मियों को साथ लेकर चलना और उनसे सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखना बहुत आवश्यक होगा, क्योंकि टीमवर्क ही आपकी सफलता को स्थायी बना सकता है।

इस गोचर के दौरान आप अपने परिवार के भविष्य को लेकर गंभीरता से सोचेंगे, हालांकि व्यस्तता के कारण उन्हें समय थोड़ा कम दे पाएंगे। सूर्य, जो आपके दूसरे भाव का स्वामी है, दशम भाव में प्रवेश कर रहा है, जिससे व्यापारियों को विशेष लाभ होगा। आप अपने व्यवसाय के विस्तार की योजना बना सकते हैं और अपनी जमा पूंजी को व्यापार में निवेश करने का साहस भी दिखा सकते हैं। पैतृक व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस समय अच्छा मुनाफा मिलने के प्रबल संकेत हैं।

सरकारी क्षेत्र से जुड़े कार्यों में लाभ मिलेगा और वाहन या भवन के सुख की प्राप्ति भी संभव है। जो लोग सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए यह समय सफलता दिलाने वाला सिद्ध हो सकता है। हालांकि इस गोचर के दौरान पिताजी के स्वास्थ्य में कुछ गिरावट आ सकती है, इसलिए उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक होगा।

उपाय: सूर्य की कृपा को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिदिन सूर्य देव के मंत्र “ॐ घृणि सूर्याय नमः” का श्रद्धा और विश्वास के साथ जाप करें। यह उपाय करियर में स्थिरता, सम्मान और आत्म बल प्रदान करता है।

कर्क साप्ताहिक राशिफल

सिंह राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

सिंह राशि के जातकों के लिए यह गोचर अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि सूर्य आपकी राशि का स्वामी है और वह अपनी उच्च अवस्था में गोचर करेगा। यह गोचर आपकी कुंडली के नवम भाव में होगा, जिसे भाग्य, धर्म और उच्च ज्ञान का भाव माना जाता है। इस स्थिति में सूर्य का गोचर आपके मान-सम्मान, लोकप्रियता और सामाजिक प्रतिष्ठा में जबरदस्त वृद्धि करेगा। लोग आपसे प्रभावित होंगे और आपकी बातों व निर्णयों को गंभीरता से लेंगे।

हालांकि इस समय आपको अपने पिताजी के साथ संबंधों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। अहंकार या गलतफहमी के कारण रिश्तों में तनाव आ सकता है। साथ ही पिताजी को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियाँ भी हो सकती हैं, इसलिए उनका ध्यान रखना और उनसे सम्मान पूर्वक संवाद बनाए रखना बहुत आवश्यक होगा।

इस गोचर में आपको किसी तीर्थ स्थान या धार्मिक यात्रा पर जाने का अवसर मिल सकता है, जिससे मानसिक शांति और आत्मिक संतोष प्राप्त होगा। यात्राओं के लिए यह समय बहुत अनुकूल है और सुदूर स्थानों की यात्रा से आपको अनुभव और लाभ दोनों मिलेंगे।

आपकी निर्णय लेने की क्षमता इस समय मजबूत होगी और अपनी मेहनत तथा आत्मविश्वास के बल पर आप अच्छे आर्थिक लाभ अर्जित करेंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए स्थानांतरण यानी ट्रांसफर के योग बन रहे हैं और संभव है कि आपको किसी नए स्थान पर भेजकर वहाँ नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी जाए।

व्यापारियों के लिए यह गोचर जोखिम लेने की प्रवृत्ति को बढ़ाएगा, लेकिन यह जोखिम सही दिशा में होगा और अंततः लाभदायक सिद्ध होगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह समय अच्छा रहेगा और किसी पुरानी बीमारी से राहत मिलने की भी संभावना है।

उपाय: इस गोचर के शुभ प्रभाव को बनाए रखने के लिए रात्रि में तांबे के पात्र में जल भरकर अपने सिरहाने रखें और अगले दिन प्रातःकाल उस जल का सेवन करें। यह उपाय सूर्य की सकारात्मक ऊर्जा को शरीर और मन दोनों में प्रवाहित करता है।

सिंह साप्ताहिक राशिफल

कन्या राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

कन्या राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर अष्टम भाव में होगा, जिसे ज्योतिष में सामान्यतः अनुकूल नहीं माना जाता। इसके अलावा सूर्य आपकी कुंडली में बारहवें भाव का स्वामी है, इसलिए यह गोचर आपको सावधानी बरतने का संकेत देता है। इस अवधि में धन हानि के योग बन सकते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार के निवेश या बड़े आर्थिक निर्णय से फिलहाल बचना ही बेहतर रहेगा।

स्वास्थ्य के मामले में भी यह समय संवेदनशील रह सकता है। तेज बुखार, सिरदर्द या अचानक कमजोरी जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं, इसलिए अपनी दिनचर्या और खानपान पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होगा। इस गोचर के दौरान कुछ अनचाही यात्राओं के योग बन सकते हैं, लेकिन इन्हें टालना ही समझदारी होगी क्योंकि ये यात्राएँ न तो स्वास्थ्य के लिए अच्छी रहेंगी और न ही आर्थिक रूप से लाभदायक सिद्ध होंगी।

मानसिक तनाव इस समय आप पर हावी रह सकता है और पिताजी को भी धन से जुड़ी कोई परेशानी हो सकती है। ससुराल पक्ष से किसी शुभ कार्य का निमंत्रण मिल सकता है, जिससे परिवार में सामाजिक जुड़ाव बढ़ेगा। इस अवधि में आपकी वाणी में अहंकार या कठोरता आ सकती है, इसलिए सोच-समझकर बोलना बहुत जरूरी होगा, क्योंकि छोटी बात भी बड़ा विवाद खड़ा कर सकती है।

आपकी कुछ पुरानी योजनाएं या बातें अचानक सामने आ सकती हैं, जिनका फायदा आपके विरोधी उठाने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक होगा। इस गोचर का एक सकारात्मक पक्ष यह है कि यदि आप कर्ज या ऋण से परेशान हैं, तो उससे मुक्ति पाने के योग भी बन सकते हैं।

उपाय: इस गोचर के नकारात्मक प्रभावों को कम करने के लिए प्रतिदिन भगवान श्री हरि विष्णु की श्रद्धा पूर्वक उपासना करें और उन्हें चंदन अर्पित करें। यह उपाय मानसिक शांति, आर्थिक संतुलन और जीवन में स्थिरता प्रदान करता है।

कन्या साप्ताहिक राशिफल

कुंडली में मौजूद राज योग की समस्त जानकारी पाएं

सूर्य का मेष राशि में गोचर: तुला, वृश्चिक और धनु राशि पर विस्तृत प्रभाव

तुला राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

तुला राशि के जातकों के लिए सूर्य आपकी कुंडली के ग्यारहवें भाव का स्वामी है और इस गोचर के दौरान वह आपकी राशि से सातवें भाव में प्रवेश करेगा। सूर्य का इस भाव में गोचर करना कुछ मामलों में आपको सतर्क रहने का संकेत देता है, विशेषकर दांपत्य और साझेदारी से जुड़े विषयों में। इस समय आपके वैवाहिक जीवन में तनाव और मतभेद बढ़ सकते हैं। जीवनसाथी के स्वभाव में अचानक बदलाव महसूस हो सकता है और आप दोनों के बीच अहंकार का टकराव भी संभव है।

यह समय आपको यह सिखाता है कि रिश्तों में धैर्य और समझदारी कितनी जरूरी है। यदि आपने संयम नहीं रखा, तो छोटी-छोटी बातें भी बड़ा रूप ले सकती हैं इसलिए शांत रहकर संवाद बनाए रखना ही सबसे बेहतर रास्ता होगा।

हालांकि, जहां निजी जीवन में सावधानी की आवश्यकता है, वहीं व्यापार और करियर के क्षेत्र में यह गोचर बेहद शुभ साबित होगा। व्यापार से जुड़े लोगों के लिए यह समय अप्रत्याशित सफलता लेकर आएगा। आपके प्रयास रंग लाएँगे और आप अपने बिजनेस को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सफल रहेंगे। बड़े भाइयों का सहयोग मिलेगा, जो आपके लिए लाभदायक सिद्ध होगा। नौकरीपेशा जातकों को पदोन्नति या जिम्मेदारियों में वृद्धि का योग बन रहा है।

स्वास्थ्य सामान्यतः अच्छा रहेगा, लेकिन कभी-कभी छोटी-मोटी शारीरिक परेशानियाँ आपको असहज कर सकती हैं। आर्थिक रूप से यह समय मजबूत है और आमदनी के एक से अधिक स्रोत विकसित हो सकते हैं। कुछ जातकों के लिए विवाह के योग भी बन रहे हैं। साथ ही, जीवनसाथी को भी इस गोचर में अच्छे लाभ मिलेंगे और आपका सामाजिक दायरा तेजी से बढ़ेगा। आपके संपर्क और रिश्ते आपके लिए भविष्य में बड़े फायदे का कारण बनेंगे।

उपाय: इस गोचर के नकारात्मक प्रभाव को कम करने और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने के लिए प्रतिदिन प्रातःकाल सूर्योदय से पहले उठने का प्रयास करें और लाल रंग के फूलों वाले पौधों एवं वृक्षों को जल से सींचें। यह उपाय सूर्य को प्रसन्न करता है और दांपत्य जीवन में संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है।

तुला साप्ताहिक राशिफल

वृश्चिक राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर छठे भाव में हो रहा है और वह भी अपनी उच्च राशि मेष में। यह स्थिति आपको विशेष रूप से सरकारी क्षेत्र से जबरदस्त लाभ दिला सकती है। यदि आपके किसी सरकारी कार्य में रुकावट आ रही थी, तो अब उसमें सफलता मिलने के योग बनेंगे। इसके साथ ही आपके अनावश्यक खर्चों पर भी नियंत्रण स्थापित होगा।

नौकरीपेशा लोगों के लिए यह समय बेहद अनुकूल है। आप अपने काम को न केवल बेहतर ढंग से करेंगे, बल्कि उसका आनंद भी लेंगे। आपके कार्य में निखार आएगा और वरिष्ठ अधिकारी तथा सहकर्मी आपकी मेहनत और दक्षता की सराहना करेंगे। हालांकि, छठे भाव में सूर्य का गोचर कभी-कभी स्वास्थ्य से जुड़ी अचानक समस्याएँ दे सकता है, इसलिए इस दौरान अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें।

इस गोचर में आपके पिताजी का भाग्य भी प्रबल होगा और उन्हें किसी प्रकार का सम्मान या उपलब्धि मिल सकती है। दूर की यात्रा के योग बन रहे हैं, लेकिन ये यात्राएँ पूरी तरह अनुकूल नहीं कही जा सकती। यात्रा के दौरान शारीरिक थकान या आर्थिक नुकसान की संभावना हो सकती है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी होगा।

मातृ पक्ष से कोई शुभ समाचार मिलने के संकेत हैं और किसी सरकारी मामले में सफलता प्राप्त हो सकती है। यदि आपका कोई कोर्ट-कचहरी या कानूनी मामला लंबित है, तो इस गोचर में उसके आपके पक्ष में जाने की प्रबल संभावना है, जिससे आपको राहत और लाभ दोनों मिलेंगे।

उपाय: सूर्य की कृपा बनाए रखने के लिए रविवार की सुबह अपनी कलाई पर मौली यानी कलावा छः बार लपेटकर बाँधें। यह सरल उपाय नकारात्मक ऊर्जा से रक्षा करता है और कार्यों में सफलता दिलाने में सहायक होता है।

वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल

बृहत् कुंडली : जानें ग्रहों का आपके जीवन पर प्रभाव और उपाय

धनु राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

धनु राशि के जातकों के लिए सूर्य का यह गोचर पंचम भाव में हो रहा है और सूर्य आपकी कुंडली के नवम भाव का स्वामी है। इस कारण यह गोचर आपके लिए मिले-जुले परिणाम लेकर आएगा। आपके पूर्व जन्मों के संचित पुण्य कर्म इस समय फल देने लगेंगे, जिससे आपको समाज में मान-सम्मान और लोकप्रियता प्राप्त होगी। आपकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और व्यापार के लिए किए गए प्रयास पूरी तरह सफल सिद्ध होंगे।

सरकारी क्षेत्र से जुड़कर कार्य करने के अवसर मिल सकते हैं या सरकारी सहयोग से आपके काम आगे बढ़ेंगे। यदि आपका जीवनसाथी भी कार्यरत है, तो उन्हें भी इस समय अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। हालांकि प्रेम जीवन के लिहाज से यह गोचर थोड़ा संवेदनशील रह सकता है। भावनाओं में बहकर आपका प्रिय किसी बात पर आपको कठोर शब्द कह सकता है, जिससे मन को ठेस पहुंच सकती है। ऐसे में रिश्ते को बचाने के लिए संयम और समझदारी से काम लेना होगा।

दूर की यात्राएँ इस गोचर में धन लाभ का कारण बन सकती हैं। विद्यार्थियों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का अवसर मिलेगा, बशर्ते आप निरंतर मेहनत करते रहें और अपने लक्ष्य से ध्यान न हटाएँ। यदि आपने किसी प्रकार का लोन या कर्ज लिया हुआ है, तो इस समय उससे मुक्ति पाने के प्रबल योग बन रहे हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों से आपके संबंध मजबूत होंगे और नौकरी में स्थानांतरण यानी ट्रांसफर के संकेत भी मिल सकते हैं, जो भविष्य में आपके लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

उपाय: इस गोचर को और अधिक शुभ बनाने के लिए रविवार के दिन दोपहर के समय लाल गाय को दोनों हाथों में गेहूं भरकर दिखाएं। यह उपाय सूर्य को बल देता है, भाग्य को मजबूत करता है और आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति में सहायक होता है।

धनु साप्ताहिक राशिफल

सूर्य का मेष राशि में गोचर: मकर, कुंभ और मीन राशि पर प्रभाव

मकर राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

मकर राशि के जातकों के लिए सूर्य अष्टम भाव का स्वामी होता है, लेकिन इस गोचर में सूर्य पर अष्टमेश होने का नकारात्मक दोष प्रभावी नहीं होगा। सूर्य इस दौरान आपकी कुंडली के चतुर्थ भाव में अपनी उच्च राशि मेष में स्थित रहेगा, जिसके कारण आपके जीवन में अचानक और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ये परिवर्तन इतने तीव्र हो सकते हैं कि आपको स्वयं भी आश्चर्य हो।

यदि आपकी जन्म कुंडली में सूर्य की स्थिति पहले से ही मजबूत और अनुकूल है, तो यह गोचर आपके लिए अत्यंत शुभ सिद्ध होगा। इस समय आपको अचानक मान-सम्मान, प्रतिष्ठा और किसी प्रकार के पुरस्कार की प्राप्ति हो सकती है। समाज में आपका नाम और प्रभाव दोनों ही बढ़ेंगे। पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है और सरकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों को विशेष लाभ प्राप्त हो सकते हैं।

नौकरीपेशा लोगों के लिए यह समय इंक्रीमेंट, प्रमोशन और उच्च अधिकारियों की कृपा दिलाने वाला रहेगा। वहीं व्यापार करने वाले जातकों के लिए भी यह गोचर लाभकारी सिद्ध होगा और व्यापार में स्थिरता तथा सम्मान दोनों बढ़ेंगे। हालांकि, इस दौरान वाहन से जुड़ी लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।

इस गोचर के समय माता के स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी चिंता बनी रह सकती है, इसलिए उनके स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी होगा। जो लोग सरकारी विभाग में कार्यरत हैं, उन्हें सरकारी वाहन, आवास या सुविधाओं का सुख प्राप्त हो सकता है। कुल मिलाकर आपके आसपास का माहौल अचानक सकारात्मक ऊर्जा से भर जाएगा और यह बदलाव आपको मानसिक रूप से भी प्रसन्न करेगा। वरिष्ठ अधिकारियों से अच्छे संबंध बनेंगे और आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी।

उपाय: इस गोचर के शुभ प्रभाव को और अधिक बढ़ाने के लिए आपको अपने पिता का सम्मान करना चाहिए और प्रतिदिन प्रातःकाल जल्दी उठने की आदत डालनी चाहिए। यह छोटा सा उपाय सूर्य की कृपा को स्थायी बना सकता है।

मकर साप्ताहिक राशिफल

नए वर्ष की भविष्यवाणी प्राप्त करें वार्षिक कुंडली 2026 से

कुंभ राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

कुंभ राशि के जातकों के लिए सूर्य का यह गोचर तीसरे भाव में होगा और सूर्य आपकी कुंडली में सातवें भाव का स्वामी है। यह गोचर आपके साहस, पराक्रम और प्रयासों को नई दिशा देगा। निजी जीवन के लिहाज से यह समय उन्नति और प्रगति का संकेत देता है, लेकिन दांपत्य जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं।

इस दौरान आप और आपके जीवनसाथी के बीच भावनात्मक मतभेद या अहम का टकराव हो सकता है, जिससे एक-दूसरे को समझने में कठिनाई आएगी। हालांकि, भाग्य का सहयोग दोनों को मिलेगा और आर्थिक मामलों में यह गोचर काफी सफल सिद्ध होगा। आपके प्रयास रंग लाएंगे और जीवनसाथी का भाग्य भी आपकी उन्नति में सहायक बनेगा, जिससे अंततः आप दोनों के बीच उत्साह और संतुलन बना रहेगा।

इस गोचर के दौरान छोटी-छोटी यात्राओं के योग भी बनेंगे, जो आपके धन और आत्मबल दोनों में वृद्धि करेंगी। नए लोगों से मुलाकात होगी और ये संपर्क आपके व्यापार या करियर को नई दिशा देने में मदद करेंगे। व्यापारियों के लिए यह समय विस्तार और प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला है। बाजार में आपकी साख मजबूत होगी और आपके काम की पहचान बनेगी।

हालांकि माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर यह समय थोड़ा संवेदनशील रह सकता है, इसलिए उनकी सेहत पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होगा। सामाजिक जीवन में आपकी छवि निखरेगी और लोग आपकी प्रशंसा करेंगे।

उपाय: सूर्य की सकारात्मक ऊर्जा को मजबूत करने के लिए रविवार के दिन तांबे के लोटे में लाल चंदन मिलाकर सूर्यदेव को अर्घ्य देना अत्यंत शुभ रहेगा। यह उपाय दांपत्य जीवन में संतुलन और कार्यक्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होगा।

कुंभ साप्ताहिक राशिफल

मीन राशि पर सूर्य गोचर का प्रभाव

मीन राशि के जातकों के लिए सूर्य छठे भाव का स्वामी है और इस गोचर में वह आपके दूसरे भाव में अपनी उच्च राशि मेष में विराजमान रहेगा। इस कारण आपकी वाणी में अचानक कठोरता और गुस्से की वृद्धि हो सकती है, जो पारिवारिक वातावरण को प्रभावित कर सकती है। छोटी-छोटी बातों पर विवाद या असहमति की स्थिति बन सकती है, इसलिए बोलचाल में संयम रखना बेहद आवश्यक होगा। हालांकि इस गोचर का सकारात्मक पक्ष काफी मजबूत है। यदि आप किसी वाद-विवाद, कानूनी मामले या प्रतिस्पर्धा में उलझे हुए हैं तो आपको सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। आर्थिक दृष्टि से यह समय अत्यंत लाभकारी रहेगा और आपकी आय में वृद्धि होगी। मातृ पक्ष से कोई शुभ समाचार मिल सकता है, जिससे आपको मानसिक संतोष प्राप्त होगा।

इस दौरान कोई पुराना और लंबे समय से रुका हुआ लोन पास होने की भी संभावना है, जिससे आपके अटके हुए कार्य तेजी से पूरे होने लगेंगे। परिवार को समाज में मान-सम्मान प्राप्त होगा और लोग आपके परिवार को उदाहरण के रूप में देखेंगे।

विद्यार्थियों के लिए, विशेष रूप से जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, यह गोचर धमाकेदार सफलता दिला सकता है। बस आवश्यक है कि आप पूरे मन और एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें।

उपाय: इस गोचर के शुभ प्रभाव को बढ़ाने के लिए लाल चंदन को घिसकर स्नान के जल में मिलाएं और उसी जल से स्नान करें। यह उपाय आपकी वाणी को संतुलित करेगा, मानसिक शांति देगा और आर्थिक स्थिरता को मजबूत करेगा।

मीन साप्ताहिक राशिफल

सूर्य का मेष राशि में गोचर आत्मविश्वास, कर्म और उपलब्धियों को सक्रिय करने वाला एक अत्यंत शक्तिशाली ज्योतिषीय परिवर्तन है। विभिन्न राशि के जातकों के लिए यह गोचर जीवन में नई संभावनाएँ, सफलता और आत्मिक विकास लेकर आ रहा है। यदि सही उपाय, संयम और सकारात्मक सोच के साथ इस गोचर की ऊर्जा को अपनाया जाए, तो यह समय जीवन को नई ऊंचाइयों तक पहुँचा सकता है।

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम आशा करते हैं कि आपको ये आर्टिकल पसंद आया होगा। एस्ट्रोसेज के साथ जुड़े रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

1. सूर्य का मेष राशि में गोचर कब होगा?

सूर्य महाराज 14 अप्रैल 2026 को मेष राशि में गोचर करने जा रहे हैं।

2. मेष राशि का स्वामी कौन है?

राशि चक्र की पहली राशि मेष के अधिपति देव मंगल ग्रह हैं।

3. मेष राशि में सूर्य कितने दिन रहेंगे?

सूर्य ग्रह एक राशि में एक महीने तक रहते हैं।

एस्ट्रोसेज मोबाइल पर सभी मोबाइल ऍप्स

एस्ट्रोसेज टीवी सब्सक्राइब

रत्न खरीदें

एस्ट्रोसेज डॉट कॉम सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता वाले रत्न, लैब सर्टिफिकेट के साथ बेचता है।

यन्त्र खरीदें

एस्ट्रोसेज डॉट कॉम के विश्वास के साथ यंत्र का लाभ उठाएँ।

फेंगशुई खरीदें

एस्ट्रोसेज पर पाएँ विश्वसनीय और चमत्कारिक फेंगशुई उत्पाद

रूद्राक्ष खरीदें

एस्ट्रोसेज डॉट कॉम से सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता वाले रुद्राक्ष, लैब सर्टिफिकेट के साथ प्राप्त करें।